कांवड़ मेले से पहले नगर निगम का बड़ा अभियान, घाट क्षेत्रों में डिस्पोजेबल पर रोक की पहल

NSG:-NEWS 129 हरिद्वार, 29 जुलाई। आगामी कांवड़ मेला-2026 को स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार ने घाट क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं अन्य भोजनालय संचालकों से डिस्पोजेबल सामग्री का उपयोग बंद कर स्टील के बर्तनों का इस्तेमाल करने की अपील की गई।

मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा ने घाट क्षेत्रों में पहुंचकर व्यापारियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उन्हें बताया कि कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोजन के बाद डिस्पोजेबल दोने, पत्तल, कटोरी और अन्य एकल-उपयोग सामग्री घाटों पर ही छोड़ देते हैं। इससे घाटों की स्वच्छता और धार्मिक पवित्रता प्रभावित होती है, वहीं सफाई व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

नगर निगम की ओर से व्यापारियों को समझाया गया कि स्टील के बर्तनों का उपयोग न केवल कूड़े की मात्रा कम करेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान को भी मजबूती देगा। इस पहल से हरिद्वार की धार्मिक गरिमा बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

नगर आयुक्त बोले – जनभागीदारी से ही सफल होगा स्वच्छ कांवड़ मेलानगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि स्वच्छ कांवड़ मेले के आयोजन में प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। घाट क्षेत्रों में स्टील के बर्तनों का अधिकाधिक उपयोग कूड़ा कम करने के साथ-साथ हरिद्वार की स्वच्छता, धार्मिक गरिमा और पर्यावरण संरक्षण में अहम योगदान देगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

अभियान के दौरान सफाई निरीक्षक विनय कुमार, अनिल कुमार सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। व्यापारियों ने भी नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए स्वच्छ एवं हरित कांवड़ मेला आयोजित कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।