NSG:-NEWS 129 हरिद्वार, 27 जुलाई।
कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर नगर निगम हरिद्वार पूरी तरह सक्रिय हो गया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने सोमवार को कांवड़ मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल तथा जनसुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कनखल, बैरागी कैंप, रोड़ी बेलवाला, हरकी पैड़ी, पंतदीप, चमगादड़ टापू, ज्वालापुर, जटवाड़ा पुल और कांवड़ पटरी सहित विभिन्न मेला क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी मार्गों, घाटों, पार्किंग स्थलों और मेला क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कहीं भी गंदगी जमा न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए नगर आयुक्त ने शौचालयों की नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता और आवश्यक सुविधाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही पानी के टैंकों की क्षमता बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को तत्काल कार्रवाई करने को कहा।नगर आयुक्त ने मेला क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाने तथा कांवड़ पटरी और प्रमुख मार्गों को पूरी तरह सुचारू रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कांवड़ मेले के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार तैनात रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। सफाई, पेयजल, शौचालय, कूड़ा उठान और अन्य जनसुविधाओं में कोई कमी मिलने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा हरिद्वार का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है और नगर निगम का लक्ष्य है कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित हरिद्वार मिले। उन्होंने दोहराया कि स्वच्छता एवं जनसुविधाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी।