शिवभक्तों की भारी भीड़ के बीच घाटों से उठाया जा रहा कचरा, रात में ही गार्बेज कलेक्शन सेंटर पहुंचाया जा रहा
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान करोड़ों शिवभक्तों की आस्था का केंद्र बने हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम हरिद्वार की टीम दिन-रात लगातार काम कर रही है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच जहां दिनभर सफाई अभियान चलाया जा रहा है, वहीं देर रात भी गंगा घाटों और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सफाई व्यवस्था जारी रहती है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार नगर निगम हरिद्वार द्वारा कांवड़ मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। निगम की टीमें भीड़ कम होने के साथ ही घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान तेज कर देती हैं, ताकि अगले दिन श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
घाटों से कचरा उठाकर रात में ही शिफ्ट
गंगा घाटों पर दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण उत्पन्न होने वाले कचरे को सफाई कर्मचारियों द्वारा लगातार एकत्र किया जा रहा है। प्लास्टिक बैग और अन्य कचरे को निर्धारित तरीके से एकत्र कर देर रात गार्बेज कलेक्शन सेंटर तक शिफ्ट किया जा रहा है।
नगर निगम की इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कचरा लंबे समय तक घाटों अथवा कांवड़ मार्गों पर जमा न रहे और हरिद्वार की स्वच्छता व्यवस्था लगातार बनी रहे।
नगर आयुक्त नंदन कुमार कर रहे लगातार सुपरवीजन
नगर निगम की सफाई व्यवस्था की निगरानी नगर आयुक्त नंदन कुमार IAS द्वारा लगातार की जा रही है। वह विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई टीमों की स्थिति, कचरा उठान और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच भी सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो और कचरा दिखाई देने पर तत्काल उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अत्याधुनिक मशीनों से सफाई व्यवस्था को मिली रफ्तार
कांवड़ मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम द्वारा अत्याधुनिक सफाई मशीनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। मशीनों और मानव संसाधन के समन्वय से प्रमुख मार्गों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
इससे कम समय में बड़े क्षेत्रों की सफाई करने और भारी भीड़ के बावजूद स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में मदद मिल रही है।
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी जागरूकता
सिर्फ कचरा उठाने तक सीमित न रहते हुए नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक कचरे के इस्तेमाल को कम करने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। स्वयंसेवियों के माध्यम से श्रद्धालुओं और दुकानदारों को प्लास्टिक का कम से कम इस्तेमाल करने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
नगर निगम का फोकस इस बार ‘स्वच्छ कांवड़ यात्रा’ के साथ-साथ गंगा घाटों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी है।
आस्था के साथ स्वच्छता का संदेश
कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच स्वच्छता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। नगर निगम हरिद्वार की टीमें इस चुनौती को स्वीकार करते हुए लगातार मैदान में जुटी हैं।
दिन हो या रात, श्रद्धालुओं की भीड़ हो या कांवड़ मार्गों पर दबाव—नगर निगम की सफाई टीमें लगातार काम कर रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि शिवभक्तों को स्वच्छ वातावरण मिले और हरिद्वार की पहचान ‘स्वच्छ, सुंदर और पवित्र हरिद्वार’ के रूप में और मजबूत हो।