News129:- हरिद्वार
हरिद्वार। दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिजनौर निवासी गोपाल (50) के रूप में हुई। मामले में पुलिस ने एक दंपत्ति नरेंद्र और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, गोपाल की पहचान के लिए आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में संपर्क किया गया था। 20 सितंबर को बिजनौर से पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। इसके बाद मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर नगर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस की जांच में मिले सुरागों के आधार पर 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से दंपत्ति को गिरफ्तार किया गया।
महिला पर परिवार छोड़ने का दबाव बनाने का आरोप पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गोपाल की पहचान नरेंद्र की पत्नी से हुई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और गोपाल महिला पर अपना परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाने लगा। महिला ने बच्चों के चलते ऐसा करने से इनकार किया। पुलिस का दावा है कि इसके बाद गोपाल द्वारा महिला को लगातार फोन कर धमकाने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, परेशान होकर महिला ने पूरी बात अपने पति नरेंद्र को बताई। इसके बाद नरेंद्र ने अपने भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गोपाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी को इसके लिए 50 हजार रुपये देने की बात भी सामने आई है।
हरिद्वार बुलाया, घाट पर वार कर हत्या का आरोप पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। महिला उसे गंगा घाट की ओर ले गई, जहां शराब और खाना खाने के बाद गोपाल के सो जाने पर पहले से घात लगाए बैठे नरेंद्र व अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर चापड़ और छुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक का मोबाइल और पर्स गंगा में फेंकने की बात पुलिस पूछताछ में सामने आई है।
पुलिस ने गिरफ्तार दंपत्ति के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ बरामद करने का दावा किया है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।पुलिस की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा सहित नगर कोतवाली पुलिस और CIU टीम शामिल रही।