अतीक साबरी:-
पिरान कलियर। कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र के शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला स्थित पॉपुलर के बाग में पुलिस और गोवंश संरक्षण टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कथित गोकशी का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से एक जिंदा गोवंश, करीब 280 किलोग्राम गोमांस, गोकशी के उपकरण और दो दोपहिया वाहन बरामद किए। कार्रवाई के दौरान आरोपी तोकीर पुत्र लतीफ अहमद निवासी शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके चार साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक मौके से बरामदगी के साथ आजम की डेयरी से सात अन्य गोवंशीय पशु भी बरामद किए गए। मामले में तोकीर के अलावा आजम पुत्र समीम, इरशाद उर्फ बाला पुत्र नसीम, साहिल पुत्र शानू तथा नवाब पुत्र नामालूम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने बताया कि गोकशी की सूचना पर टीम ने तत्काल मौके पर कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर बरामदगी की गई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई जारी है।