धनौरी रोड पर चार हाथियों की दस्तक, मगरमच्छ की सूचना से दहशत

News 129 कलियर। कलियर-धनौरी रोड पर मंगलवार शाम चार जंगली हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। चारों हाथी सड़क के बराबर खेतों में पहुंच गए। हाथियों को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही वन विभाग और कलियर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। लोगों की भीड़ बढ़ने पर हाथी खेतों से होते हुए जंगल की ओर चले गए।

वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर उन्हें आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने का प्रयास कर रही है।वहीं, धनौरी पुल के पास मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना से भी लोगों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में हाथियों और मगरमच्छ जैसे जंगली जानवरों की मौजूदगी की सूचना से ग्रामीणों और राहगीरों की चिंता बढ़ गई है।

मौके पर वन विभाग की टीम में वन दरोगा इंद्रजीत सिंह, वन दरोगा गुरमीत सिंह, वन आरक्षी सौरभ सैनी, अनुज कुमार और नितेश कुमार मौजूद रहे। मेला कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने लोगों से जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखने और सावधानी बरतने की अपील की है।