हरिद्वार : बस का इंतजार कर रहे एयर फोर्स कर्मचारी को निजी बस ने मारी टक्कर, मौत, साथी गंभीर घायल, पिता आर्मी से रिटायर, चालक हिरासत में

देर रात हरिद्वार दिल्ली हाईवे पर बस का वेट के रहे थे

हरिद्वार। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एयर फोर्स के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों छुट्टी पर हरिद्वार घूमने आए थे और देर रात सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार निजी बस ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में मृतक की पहचान योगेश जादोन पुत्र राजकुमार, निवासी जेवर, गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। योगेश भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे और वर्तमान में ग्वालियर में तैनात थे। हादसे में उनके साथी अमित को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, योगेश और उनका साथी अमित देर रात दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर सहगल पेट्रोल पंप के पास बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान हिमगिरी नाम की निजी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने योगेश को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया। चालक की पहचान रोहित थापा निवासी कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में चालक के नशे में होने की बात सामने आ रही है। पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है और उसके मेडिकल परीक्षण सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही है।

योगेश के परिवार के बारे में जानकारी सामने आई है कि करीब चार वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी। उनके बड़े भाई भी एयर फोर्स में कार्यरत हैं, जबकि उनके पिता राजकुमार भारतीय सेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। परिवार में दो बेटों के रक्षा सेवाओं में होने के कारण योगेश के निधन की खबर से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं, गंभीर रूप से घायल अमित के उपचार पर भी पुलिस नजर बनाए हुए है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी बस चालक से पूछताछ की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर रात के समय तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।