news129:-
रुड़की। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में चार दिन पहले बहन रूपा और पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी अमन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात घेराबंदी के दौरान आरोपी का पुलिस टीम से सामना हुआ। खुद को घिरता देख अमन ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
पुलिस को आरोपी के क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया गया।पुलिस पूछताछ में अमन ने बताया कि वह अपनी बहन रूपा के पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज के साथ प्रेम संबंधों को लेकर नाराज था।
पुलिस के अनुसार, इस मामले को लेकर उसे गांव में लोगों के ताने भी सुनने पड़ते थे। अमन ने दोनों को संबंध खत्म करने के लिए समझाया, लेकिन बात नहीं बनी।
इसी नाराजगी और गुस्से में उसने दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।