दरगाह साबिर पाक की करोड़ों की संपत्ति पर कब्जे का आरोप, जांच और कार्रवाई की मांग

NSG:-news129पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक की मुख्य सीढ़ी के समीप स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। मामले में पूर्व सभासद आसमा परवीन ने तहसीलदार रुड़की एवं दरगाह प्रबंधक को लिखित शिकायत देकर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।

दरगाह संपत्ति और आवासीय भवन पर कब्जे का आरोपशिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि दरगाह साबिर पाक की महत्वपूर्ण संपत्ति तथा उससे जुड़े एक आवासीय भवन पर कुछ लोगों द्वारा अनधिकृत रूप से कब्जा किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह संपत्ति दरगाह की अमानत है और इसकी सुरक्षा व संरक्षण प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन लंबे समय से इस पर अवैध कब्जे के आरोप सामने आते रहे हैं।

पूर्व दरगाह कर्मी पर गंभीर आरोप:-शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित पूर्व दरगाह कर्मी के खिलाफ पहले भी महिला से छेड़छाड़ समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इसके बावजूद वह अपनी पुनर्बहाली के लिए लगातार विभागीय स्तर पर पत्राचार कर रहा है। शिकायतकर्ता ने ऐसे व्यक्ति की गतिविधियों की भी जांच कराने की मांग उठाई है।

निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर हो कार्रवाई पूर्व सभासद आसमा परवीन ने प्रशासन से मांग की है कि दरगाह की संपत्तियों को कब्जामुक्त कराया जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को भी भेजी शिकायत मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत की प्रति ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को भी भेजी गई है। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग दरगाह की संपत्तियों के संरक्षण को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।