कलियर शरीफ: रीलबाजों की अब खैर नहीं, पुलिस ने कसी कमर; समाजसेवी मोईन साबरी की मुहिम लाई रंग-

अतीक साबरी:-

​पिरान कलियर: विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर की मर्यादा और रूहानियत से खिलवाड़ करने वाले ‘रीलबाजों’ पर अब कानून का डंडा चलने वाला है। दरगाह परिसर को महज कंटेंट का जरिया बनाने वाले बाहरी और स्थानीय युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।

​मामले की पृष्ठभूमि​:-पिछले लंबे समय से दरगाह परिसर में रील बनाने के नाम पर अमर्यादित व्यवहार की खबरें सामने आ रही थीं। कुछ युवक दरगाह की पवित्रता को ताक पर रखकर इसे सोशल मीडिया पर व्यूज बटोरने का जरिया बना रहे थे। इस मुद्दे को लेकर समाजसेवी मोईन साबरी लगातार सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से आवाज उठा रहे थे।

​चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरे हालात​:-मोईन साबरी की शिकायत और जनभावनाओं को देखते हुए पूर्व में जॉइंट मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार दरगाह परिसर में चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए थे। बावजूद इसके, कई रीलबाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और लगातार नियमों की धज्जियां उड़ाते रहे।​

पुलिस की बड़ी कार्रवाई​:-आज इसी क्रम में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। थाना उप-निरीक्षक उपेन्द्र कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ दरगाह परिसर का औचक निरीक्षण किया। पुलिस की इस सक्रियता से रील बनाने वालों में हड़कंप मच गया है।

​पुलिस का कड़ा संदेश: निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया गया कि अब केवल चेतावनी का वक्त निकल चुका है। यदि कोई भी व्यक्ति दरगाह परिसर के भीतर रील बनाता या अमर्यादित व्यवहार करता पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।​

जनता की जीत​स्थानीय लोगों का कहना है कि समाजसेवी मोईन साबरी के निरंतर प्रयासों और पुलिस की इस कार्रवाई से दरगाह की गरिमा बहाल होगी। जायरीनों ने भी पुलिस के इस कदम का स्वागत किया है ताकि अकीदतमंदों को इबादत में कोई खलल न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *