Chamoli Police करीब एक माह पुराने नन्दप्रयाग हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि मृतक सूरज पुरोहित की हत्या उधारी के विवाद में की गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी नरेन्द्र तोपाल को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि सूरज पुरोहित नन्दप्रयाग स्थित नन्दाकिनी होटल में ठहरा हुआ था और नरेन्द्र तोपाल के माध्यम से मधुबन ढाबे में काम कर रहा था। पूछताछ में नरेन्द्र ने बताया कि सूरज 15 फरवरी को काम छोड़कर चला गया था। स्थानीय जानकारी में सामने आया कि आरोपी ने मृतक से 10 हजार रुपये उधार लिए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें 16 फरवरी की रात नरेन्द्र तोपाल मृतक के शव को प्लास्टिक के कट्टे में अपनी अल्टो कार (UK12A 3212) की डिग्गी में रखकर झूलाबगड़ पुल की ओर ले जाता हुआ दिखाई दिया। कुछ समय बाद वह वापस लौटकर वाहन धोता हुआ भी नजर आया।

पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि 16 फरवरी को उसने सूरज पुरोहित की हत्या कर दी और शव के हाथ-पैर बांधकर सैकोट मार्ग स्थित झूलाबगड़ पुल से अलकनंदा नदी में फेंक दिया। साथ ही, साक्ष्य मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल फोन और अन्य सामान भी नदी में बहा दिया।
दस हजार के लिए बदनाम करता था मृतक
हत्या के पीछे कारण बताते हुए आरोपी ने कहा कि वह क्षेत्र का एक सामाजिक एवं प्रतिष्ठित व्यक्ति है और वर्तमान में सरतोली का क्षेत्र पंचायत सदस्य है। उसने जनवरी में सूरज से 10 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोपी के अनुसार, सूरज शराब के नशे में उसे सार्वजनिक स्थानों पर अपमानित करता था और पैसे को लेकर बार-बार बेइज्जती करता था, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
