News 129 | धनौरी।
हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। कभी शिक्षा की दृष्टि से पिछड़े इस क्षेत्र में उच्च शिक्षा की अलख जगाने के उद्देश्य से स्थापित महाविद्यालय आज एक वटवृक्ष का रूप ले चुका है। महाविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने संस्थापक स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के योगदान को याद करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

सोमवार को आयोजित स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिक्षकों को सबसे पहले स्वयं नैतिकता का पालन करना चाहिए और बच्चों को भी नैतिक शिक्षा एवं अच्छे संस्कार देने चाहिए। समाज में सुधार की शुरुआत हमेशा स्वयं से होती है। उन्होंने कहा कि जिस महाविद्यालय का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है, उसकी नींव शिक्षाविद् स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी ने रखी थी। उस समय यह क्षेत्र शिक्षा की दृष्टि से काफी पिछड़ा हुआ था, लेकिन उनके दूरदर्शी प्रयासों का परिणाम है कि आज उनका लगाया हुआ पौधा वटवृक्ष बन चुका है।

महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार ने कहा कि हरिओम सरस्वती महाविद्यालय के साथ-साथ कई अन्य शिक्षण संस्थान भी स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के सपनों को साकार करने में जुटे हैं। उनकी प्रेरणा और दूरदर्शी सोच से संस्थाएं निरंतर प्रगति कर रही हैं और क्षेत्र में शिक्षा का विस्तार हो रहा है।प्राचार्य डॉ. मुनेन्द्र सिंह ने कहा कि 6 जुलाई 2019 को डॉ. तेजवीर सिंह सैनी का निधन संस्थान और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति थी। उनका शिक्षा के प्रति समर्पण और योगदान हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुणिमा पांडे ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंजली देवी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।इससे पूर्व महाविद्यालय पहुंचने पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. हर्ष सैनी और सचिव डॉ. आदित्य सैनी ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. अंजली गौड़, डॉ. निशा रानी, डॉ. छवि, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. प्रदीप सैनी, डॉ. संजय कुमार, डॉ. अंकेश चौहान, डॉ. जयदेव कुमार, डॉ. सुरभि सागर, डॉ. सरिता चंद्र, डॉ. अंजु सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।