News:-129
कलियर। प्रयागराज कुंभ मेले में दो साल पहले अपने परिवार से बिछड़े बिहार निवासी बुजुर्ग अजय पांडे आखिरकार अपनों से मिल गए। कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस और एएचटीयू की संयुक्त टीम ने सत्यापन अभियान के दौरान बुजुर्ग को तलाश कर उनके परिजनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दो साल बाद पिता को सामने देखकर बेटे की आंखें नम हो गईं।

जानकारी के अनुसार, कलियर शरीफ दरगाह परिसर में जूता स्टॉल के पास पुलिस टीम सत्यापन अभियान चला रही थी। इसी दौरान कांस्टेबल मुकेश कुमार को करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांगते मिले। पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना नाम अजय पांडे और बिहार के औरंगाबाद जिले का निवासी बताया। उन्होंने बताया कि प्रयागराज कुंभ में स्नान के दौरान वह अपने परिवार से बिछड़ गए थे और पिछले दो साल से इधर-उधर भटक रहे थे।
मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने पुलिस टीम को बुजुर्ग के परिजनों का पता लगाकर उनसे संपर्क करने के निर्देश दिए। पुलिस ने बुजुर्ग के बताए पते के आधार पर बिहार के कुटुम्बा थाना पुलिस से संपर्क किया और उनकी फोटो व जानकारी परिजनों तक पहुंचाई। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए अजय पांडे की उनके बेटे अंकित से बात कराई गई। पिता को देखते ही बेटे की आंखों से आंसू छलक पड़े। परिवार पिछले दो साल से उनकी तलाश कर रहा था।
सूचना मिलते ही बुजुर्ग का बेटा हरिद्वार पहुंचा और कलियर आकर अपने पिता को गले लगा लिया। बेटा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बुजुर्ग को उनके बेटे के सुपुर्द कर दिया।कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद और बेसहारा लोगों की मदद कर उन्हें उनके परिवार से मिलाना भी है।
सत्यापन अभियान के दौरान बुजुर्ग की जानकारी मिलने पर उनकी पहचान और परिजनों का पता लगाने के लिए टीम को लगाया गया। आखिरकार बुजुर्ग को उनके परिवार से मिलवा दिया गया।पिता से मिलकर भावुक हुए बेटे ने हरिद्वार पुलिस और कलियर पुलिस का आभार जताया। इस कार्रवाई में कांस्टेबल मुकेश कुमार, एसएसआई रमेश सैनी, एसआई विनोद गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद, बीआर वर्मा, रविंद्र सिंह और कांस्टेबल जितेंद्र शामिल रहे