अंकिता को न्याय दिलाने के लिए हरक सिंह रावत ने भरी हुंकार, फुरकान अहमद के साथ कांग्रेस का पैदल मार्च

पिरान कलियर। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा निकालकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और विधायक हाजी फुरकान अहमद के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

न्याय यात्रा की शुरुआत रहमतपुर रोड स्थित ग्रीन ब्यूटी पैलेस से हुई। यहां से कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रहमतपुर और बेडपुर रोड के रास्ते दरगाह हजरत अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक पहुंचे। दरगाह में देश में अमन-चैन, प्रदेश की खुशहाली और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए दुआ की गई।इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। जब तक न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस अन्याय के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता के सवालों से बच नहीं सकती।हरक सिंह रावत ने कहा कि वह पहले भी कई बार कलियर शरीफ की दरगाह पर आ चुके हैं। उन्होंने मां गंगा से उत्तराखंड में न्याय की प्रार्थना की थी और आज दरगाह साबिर पाक में भी प्रदेश में न्याय और खुशहाली की दुआ करने पहुंचे हैं। उन्होंने महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

चीनी के दामों में बढ़ोतरी, किसानों की जमीन बेचे जाने और उत्तराखंड में खनन पट्टे गुजरात के लोगों को दिए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठाने वालों को ईडी के जरिए डराने का प्रयास किया जा रहा है। आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी के बहकावे में न आने की अपील की।

विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

न्याय यात्रा में पूर्व राज्यमंत्री हाजी सईद हसन, जिल महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र चौधरी, प्रदेश महासचिव हाजी राव शेर मोहम्मद, प्रधान नसीम, अकरम प्रधान, सुभाष सैनी, अरविंद प्रधान, कृष्णपुरी, परवेज मलिक,अनुराग धनगर, पवन धनगर, मनोज धनगर, रूप चौधरी, अभिषेक धनगर, जगपाल, राव अफजल, आरिफ प्रधान, इरशाद कल्लू त्यागी, सलीम पिरजी, इसत्कार प्रधान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।