कुंभ मेले में हाईटेक निगरानी से रहेगी हर गतिविधि पर नजर, ICCC सेंटर जल्द होगा तैयार

News:-129

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को हाईटेक बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए शहर में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) विकसित किया जा रहा है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने CCR भवन की नवनिर्मित बिल्डिंग में निर्माणाधीन सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने डाटा सेंटर और सर्वर रूम की निर्माण प्रगति की जानकारी ली। सेंटर में अत्याधुनिक सर्वर, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम और अन्य तकनीकी उपकरण स्थापित किए जाएंगे।

डाटा सेंटर का निर्माण पेयजल विभाग की ओर से कराया जा रहा है, जबकि आईटीआई (PSU) तकनीकी व्यवस्थाएं विकसित कर रही है।नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य और उपकरणों की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं और सेंटर को प्राथमिकता के आधार पर जल्द क्रियाशील बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों की निगरानी इसी सेंटर से की जाएगी। एक ही स्थान से शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। इससे भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन में मदद मिलेगी। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने में भी सुविधा होगी।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कुंभ मेले से पहले हरिद्वार की तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था पूरी तरह तैयार हो सके।