कूड़े के ढेरों से पिरान कलियर बेहाल, शिकायतों के बाद भी सफाई व्यवस्था जस की तस

News:129

पिरान कलियर। नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। राजकीय इंटर कॉलेज पिरान कलियर समेत क्षेत्र के कई स्थानों पर जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर और लंबे समय से सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े से उठ रही दुर्गंध और गंदगी के चलते बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

वार्ड संख्या चार निवासी शहजाद अली ने तहसील दिवस में तहसीलदार रुड़की को शिकायती पत्र देकर नगर पंचायत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। शहजाद अली ने शिकायत में बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज सहित आसपास के कई स्थानों पर लंबे समय से कूड़ा जमा है। नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। इसका सीधा असर स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं और राहगीरों पर पड़ रहा है।

शहजाद अली के मुताबिक, इस समस्या को लेकर पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत की जा चुकी है, लेकिन शिकायत के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते समस्या जस की तस बनी हुई है और लोगों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कूड़े के ढेर नहीं हटाए गए और नियमित सफाई व्यवस्था लागू नहीं हुई तो गंदगी के कारण बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है।

शिकायतकर्ता ने तहसीलदार से मामले का संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत क्षेत्र में तत्काल सफाई अभियान चलाने, राजकीय इंटर कॉलेज के आसपास जमा कूड़ा हटवाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार रुड़की ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब देखना यह है कि बार-बार शिकायतों के बाद नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था कब पटरी पर आती है और कूड़े के ढेरों से लोगों को कब राहत मिलती है।