News129
पिरान कलियर। नए आपराधिक कानूनों को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने ग्राम सोहलपुर में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने ग्रामीणों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी।
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने ग्रामीणों को बताया कि नए कानूनों में न्याय प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने पर जोर दिया गया है। उन्होंने ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर जैसी सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित अब कानून के तहत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
पुलिस ने महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों में किए गए प्रावधानों, पीड़ितों के अधिकारों तथा जांच प्रक्रिया में डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के महत्व के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने नए कानूनों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया।
इस दौरान उपनिरीक्षक अमित नोटियाल, चौकी प्रभारी इमलीखेड़ा, चौकी प्रभारी धनौरी मनव्वर हुसैन, पुलिसकर्मी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुलिस की जागरूकता पहल की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया।