जिला योजना समिति के चुनाव में नाजिम त्यागी ने ठोकी ताल, नामांकन के साथ बढ़ाया सियासी दमखम

पिरान कलियर। जिला योजना समिति सदस्य पद के चुनाव को लेकर हरिद्वार जिले में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच पिरान कलियर नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन के सभासद नाजिम त्यागी ने चुनावी मैदान में उतरते हुए सोमवार को रोशनाबाद स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन के दौरान भगवानपुर, इमलीखेड़ा और पिरान कलियर नगर पंचायत के कई सभासदों की मौजूदगी ने चुनावी हलचल को और तेज कर दिया।नामांकन दाखिल करने के साथ ही नाजिम त्यागी ने जिला योजना समिति सदस्य पद के चुनाव में अपनी दावेदारी पेश कर दी है। उनके साथ विभिन्न नगर पंचायतों के सभासदों की मौजूदगी को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। चुनाव को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और अब सभी की निगाहें आगामी मतदान पर टिकी हैं।

16 अक्टूबर को होगा मतदान, इसी दिन आएगा परिणामनिर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर को नामांकन, 13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच और 14 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया निर्धारित है। इसके बाद 16 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

सभासदों की मौजूदगी रही चर्चा का विषय नाजिम त्यागी के नामांकन के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सलीम अहमद, सभासद राशीद, जावेद साबरी, अमजद, दानिश साबरी, मोहम्मद दिलबाग, जीनत, गुलफाम साबरी, शहजाद अली, राशिद अली और रहीस अहमद सहित इमलीखेड़ा के कई सभासद मौजूद रहे।

जिला योजना समिति सदस्य पद के लिए नाजिम त्यागी की दावेदारी के बाद चुनावी माहौल और गर्माने की संभावना है। अब 16 अक्टूबर को होने वाले मतदान में सभासदों का रुख और चुनावी नतीजा इस मुकाबले की तस्वीर साफ करेगा।