News129:-हरिद्वार।
वर्ष 2024 में कनखल थाना क्षेत्र स्थित श्रद्धा भक्ति आश्रम में हुई महंत गोविन्द दास के शिष्य विशम्बर दास की हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी आरोपी सौरव उर्फ बिट्टू को उत्तराखंड एसटीएफ ने बागपत, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा और कस गया है।
एसटीएफ के अनुसार कनखल थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 337/2024 में आरोपी के खिलाफ धारा 302, 201, 120बी और 34 IPC के तहत मुकदमा दर्ज है। हत्या के मामले में कुल छह आरोपी प्रकाश में आए थे, जिनमें से चार को हरिद्वार पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि सौरव उर्फ बिट्टू समेत दो आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। फरार आरोपियों के घरों की कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी थी और सौरव पर ₹50 हजार का इनाम घोषित था।
गांव टीकरी में छिपा बैठा था आरोपी एसटीएफ टीम लगातार आरोपी की तलाश में पतारसी-सुरागरसी और मैनुअल पुलिसिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को आरोपी के बागपत में होने की सूचना मिली। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने थाना दोघट क्षेत्र के ग्राम टीकरी में दबिश देकर सौरव उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरव उर्फ बिट्टू पुत्र धर्मपाल, निवासी ग्राम टीकरी, थाना दोघट, जनपद बागपत, उत्तर प्रदेश, उम्र करीब 37 वर्ष के रूप में हुई है।
इनामी और वांछित अपराधियों पर STF का शिकंजा एसटीएफ अधिकारियों के निर्देशन में टीम द्वारा लंबे समय से फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य फरार आरोपी की तलाश में भी जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अ0उ0नि0 हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, देवेंद्र ममगई, वीरेंद्र नौटियाल, बिजेन्द्र चौहान तथा कांस्टेबल अनिल कुमार और मोहन असवाल शामिल रहे।