निठारी केस: सुरेंद्र कोली का डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम, वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ सील किए गए कपड़े, CCTV फुटेज, कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस, क्या किया, किससे बात की

सूत्रों के अनुसार शरीर पर नहीं मिले संघर्ष और गंभीर चोट के निशान

निठारी कांड के आरोपों से बाइज्जत बरी हुए सुरेंद्र कोली की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। शनिवार को जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल द्वारा कोली का पोस्टमार्टम किया गया। पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई और मृतक के कपड़ों को सील कर जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल में डॉ. रजत सैनी और डॉ. अनस शामिल रहे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई ताकि जांच के दौरान सभी पहलुओं का दस्तावेजी रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।

शरीर पर संघर्ष के गंभीर निशान नहीं

सूत्रों के मुताबिक शुरुआती स्तर पर शरीर पर किसी प्रकार के संघर्ष या गंभीर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर आधिकारिक टिप्पणी की जाएगी।

CCTV फुटेज बनी जांच का अहम आधार

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। विशेष रूप से चाय की दुकान के सामने लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला जा रहा है। जांच टीम घटना से एक दिन पहले से लेकर घटना वाली सुबह तक की गतिविधियों का क्रमवार विश्लेषण कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले वहां कौन-कौन आया और कोली की अंतिम गतिविधियां क्या थीं।

नाक से खून आने की वजह पर मंथन

जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू कोली के नाक से खून आने की परिस्थितियां भी हैं। पुलिस और चिकित्सकों के बीच इस बिंदु पर चर्चा जारी है। सूत्रों के अनुसार फांसी के दौरान गला दबने (स्ट्रैंगुलेशन) की स्थिति, रस्सी टूटकर नीचे गिरने या अन्य परिस्थितियों में भी मुंह से खून आ सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल परीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगी।

पुलिस की जांच कई पहलुओं पर जारी

पुलिस फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वही कोली के फोन कॉल डिटेल की भी विश्लेषण किया जा रहा है।

i