कलियर बेडपुर चौक पर ढाबा स्वामी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बची जान

News 129:- पिरान कलियर।

इमलीखेड़ा-भगवानपुर मार्ग स्थित बेडपुर चौक पर रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने ढाबा स्वामी पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में ढाबा स्वामी शोएब ने किसी तरह बचकर जान बचाई। फायरिंग के छर्रे ढाबे की दीवार में जा धंसे। वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए।जानकारी के मुताबिक बेडपुर निवासी शोएब का बेडपुर चौक के पास शुद्ध शाकाहारी ढाबा है। रविवार देर रात ढाबे पर मौजूद उसके साथी सो चुके थे, जबकि शोएब जाग रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर चार नकाबपोश युवक पहुंचे और कथित तौर पर शोएब को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।

हमले में वह बाल-बाल बच गया।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने ढाबे की दीवार में गोली के छर्रे धंसे देखे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।शोएब ने पुलिस को बताया कि गांव में उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। पुलिस इस बिंदु समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि ढाबे पर फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।