उर्स की व्यवस्थाओं को लेकर एक्शन मोड में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ

अतीक साबरी:-पिरान कलियर।

सालाना उर्स की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने कलियर पहुंचकर उर्स क्षेत्र की व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया और जहां भी कमी दिखाई दी, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने साफ कहा कि जायरीन की भीड़ बढ़ने से पहले सभी अधूरे कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने यातायात, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, साफ-सफाई, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और रैन बसेरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बारिश के कारण कुछ रैन बसेरों में पानी भरने की जानकारी मिलने पर उन्होंने उन्हें जल्द ऊंचा कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान जायरीन को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।उर्स क्षेत्र में कई स्थानों पर टूटी सड़कों और गड्ढों को देखकर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि सड़कों की मरम्मत कर गड्ढों को तत्काल भरा जाए। वहीं नालों और जल निकासी व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया। कई जगह नालों में कचरा जमा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने को कहा।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि उर्स की प्रमुख रस्मों के दौरान बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचेंगे और बारिश की भी संभावना बनी हुई है। ऐसे में जल निकासी और सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा प्रतिदिन उर्स व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे और जहां कमी मिलेगी, वहां जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब लिया जाएगा।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के सख्त तेवर और मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी से संबंधित विभागों में भी हलचल दिखाई दी। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी, अकाउंटेंट टेंट सद्दाम अली, सुपरवाइजर इंतखाब आलम, हारून अली, राव शारिक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।