Hridwar.हरकी पौड़ी और रोड़ीबेलवाला घाटों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

News 129:-hridwar

हरिद्वार, 18 अगस्त। नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार नंदन कुमार, आईएएस ने मंगलवार को रोड़ीबेलवाला क्षेत्र तथा हरकी पौड़ी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की सफाई व्यवस्था, कूड़े के उठान, डस्टबिन की व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।नगर आयुक्त ने कहा कि हरकी पौड़ी सहित प्रमुख घाट हरिद्वार की पहचान हैं।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी आवाजाही को देखते हुए घाटों पर सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान जमा होने वाले कूड़े का तत्काल उठान कराया जाए, जिससे घाटों पर कहीं भी गंदगी दिखाई न दे।

निरीक्षण के दौरान घाट क्षेत्रों में डस्टबिन की संख्या और क्षमता को भी देखा गया। नगर आयुक्त ने आवश्यकतानुसार अतिरिक्त डस्टबिन लगाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेते हुए जरूरत के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और कूड़े के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि हरकी पौड़ी एवं आसपास के घाट श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध करा सकें।

निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।