News 129
भगवानपुर-इमलीखेड़ा रोड पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन ने दो बाइकों को मारी टक्कर; एक की मौत, तीन घायलहिमाचल से हरिद्वार जल लेने जा रहे थे चारों युवक, हकीमपुर तुर्रा के पास हुआ हादसापिरान कलियर। थाना पिरान कलियर क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर-इमलीखेड़ा मार्ग पर हकीमपुर तुर्रा के पास शनिवार तड़के करीब 4:40 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार चारों युवक हिमाचल में रह रहे थे और दो बाइकों पर सवार होकर भगवानपुर की ओर से हरिद्वार जल लेने जा रहे थे। इसी दौरान हकीमपुर तुर्रा के पास अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान नन्हे लाल पुत्र चेतराम, उम्र 32 वर्ष, निवासी बंदायू, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं बृजपाल पुत्र रामपाल, उम्र 40 वर्ष, निवासी फरीदपुर, बरेली तथा साहिब सिंह पुत्र जगदीश, उम्र 33 वर्ष, निवासी बिजौली, बंदायू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि सन्दीप पुत्र जगदीश, निवासी बिजौली, बंदायू को साधारण चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पिरान कलियर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।पुलिस द्वारा दुर्घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।