NSG:-NEWS 129 हरिद्वार |
09 जुलाई 2026:-मूसलाधार बारिश के बीच हरिद्वार नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार के निर्देशन में नगर निगम ने एक दिन पहले ही व्यापक तैयारियां पूरी कर ली थीं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए थे।बुधवार से ही नगर निगम ने शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों में जल निकासी पंप, आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की व्यवस्था कर दी थी। साथ ही मुख्य सफाई निरीक्षकों एवं सफाई निरीक्षकों की ड्यूटी लगाकर उन्हें लगातार निगरानी रखने और जलभराव की स्थिति बनने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

गुरुवार तड़के से तेज बारिश शुरू होते ही नगर निगम की टीमें पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतर गईं। रातभर विभिन्न संवेदनशील इलाकों में जल निकासी का कार्य चलता रहा, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।नगर आयुक्त नंदन कुमार ने स्वयं सुबह शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राहत एवं जल निकासी कार्यों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, संदेश नगर, शारदा नगर, भोपतवाला स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट के निकट तथा पुराना आरटीओ चौक सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया गया। जहां-जहां पानी भरने की स्थिति बनी, वहां नगर निगम की टीमों ने तत्काल पंप संचालित कर पानी की निकासी कराई और लगातार निगरानी बनाए रखी।
इस दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, श्रीकांत, अर्जुन सिंह, मनोज कुमार, विकास चौधरी, सफाई निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक विकास छाछर, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मौजूद रहे और राहत कार्यों की कमान संभाले रहे।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि बारिश का दौर जारी रहने तक सभी टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगी। किसी भी क्षेत्र में जलभराव, नालियों के अवरुद्ध होने या अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।