कई उपभोक्ताओं का भी अधर में लटका सपनों का घर
Property in Haridwar हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने रावली महदूद ज्वालापुर क्षेत्र में चल रही अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्यों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई निर्माणों को ध्वस्त कर सील कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
प्राधिकरण से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रामधाम कॉलोनी क्षेत्र में बिना स्वीकृति के बड़े पैमाने पर प्लाटिंग और निर्माण कार्य किए जा रहे थे। लगातार चेतावनी और निर्देश दिए जाने के बावजूद निर्माणकर्ताओं द्वारा कार्य बंद नहीं किया गया, जिसके बाद प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाया।
Property in Haridwar
जानकारी के मुताबिक रामधाम कॉलोनी में श्री अर्जुन सिंह द्वारा लगभग 9 से 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसके अलावा उसी क्षेत्र में करीब 4 से 5 बीघा भूमि पर प्लाटिंग के साथ लगभग 15×15 फीट क्षेत्रफल में निर्माण कार्य भी कराया जा रहा था।
वहीं गुरु कृपा स्वीट्स के सामने श्री सुखवीर सिंह द्वारा लगभग 2 बीघा भूमि पर प्लाटिंग और करीब 15×20 फीट क्षेत्रफल में निर्माण कराया जा रहा था।
प्राधिकरण ने इन सभी मामलों में संबंधित अधिनियम की धाराओं के तहत वाद दर्ज करते हुए कार्रवाई अमल में लाई। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया तथा कई हिस्सों को सील भी कर दिया।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना मानचित्र स्वीकृति और प्राधिकरण की अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए।
प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
