पति करता है हैदराबाद में काम, छुट्टी पर आया था घर, हुई कहासुनी
महिला का शव बरामद, बच्चियों को खनन मजदूरों ने बचाया, तीन साल और तीन माह की बेटियों का इलाज जारी
Dehradun Viral News देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच हुई मामूली कहासुनी के बाद एक महिला अपनी दो मासूम बेटियों को लेकर शक्ति नहर में कूद गई। इस हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि मौके पर मौजूद खनन मजदूरों की सतर्कता और बहादुरी से दोनों बच्चियों की जान बच गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग बच्चियों को बचाने वाले मजदूरों की जमकर सराहना कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान किरण के रूप में हुई है, जिसने वर्ष 2020 में विकासनगर के जाखन निवासी धीरज चंदेल से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि धीरज हैदराबाद स्थित एक टेक्सटाइल कंपनी में कार्यरत है और करीब 10 दिन की छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था। इसी दौरान किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद हो गया।
Dehradun Viral News
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद किरण अपनी तीन साल और तीन माह की दो बेटियों को लेकर घर से निकल गई। कुछ देर बाद उसने विकासनगर स्थित शक्ति नहर में बच्चियों समेत छलांग लगा दी। घटना के समय आसपास काम कर रहे खनन मजदूरों ने महिला और बच्चियों को नहर में गिरते देखा तो तुरंत पानी में कूद पड़े। मजदूरों ने साहस दिखाते हुए दोनों मासूम बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव के कारण महिला पानी में बह गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ ने महिला का शव नहर से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, दोनों बच्चियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों बच्चियां अब खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग इसे बेहद दुखद घटना बता रहे हैं। वहीं, बच्चियों की जान बचाने वाले खनन मजदूरों की बहादुरी की हर कोई प्रशंसा कर रहा है। लोगों का कहना है कि यदि मजदूर समय रहते साहस नहीं दिखाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।
