Haridwar Viral News एनएसजी : जनपद हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सत्संग की आड़ में चल रही एक खतरनाक साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि कथित ‘सत्संगी बाबा’ अभी फरार है।
क्या है पूरा मामला?
27 अप्रैल 2026 को दाबकी कला निवासी डॉ. सुमित कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि वह अपने साथियों के साथ हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल, बहादराबाद से लौट रहे थे। तभी बाडीटीप के पास बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में उनकी कार पर कई गोलियां लगीं।
डॉक्टर ने यह भी बताया कि इससे पहले 14 अप्रैल को भी उनके वाहन पर फायरिंग की गई थी, जिसके निशान और एक बुलेट बाद में टायर के अंदर से मिली।

पुलिस कार्रवाई और खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए लक्सर कोतवाली पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को पकड़ने की कोशिश की, जो भागने लगा। घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम सैनी (22 वर्ष) निवासी भिक्कमपुर के रूप में हुई है। उसके पास से घटना में इस्तेमाल बाइक (UK08 BE 2801) और .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ।
‘बाबा’ ने रची थी साजिश
लक्सर कोतवाल प्रवीण कोशियारी ने एनएसजी को बताया कि पूछताछ में शुभम सैनी ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह पिछले तीन साल से एक कथित बाबा के संपर्क में था और उसके लक्सर स्थित आश्रम में रहता था। बाबा से नजदीकी बढ़ने के बाद उसने डॉक्टर सुमित को मारने की योजना बनाई।
14 अप्रैल को बाबा के कहने पर पहली बार फायरिंग की गई। इसके बाद 27 अप्रैल को दोनों ने फिर से डॉक्टर की कार का पीछा कर बाडीटीप के पास 4 राउंड फायर किए।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी शुभम सैनी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, फरार ‘सत्संगी बाबा’ की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस टीम
इस पूरे मामले का खुलासा प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशियारी के नेतृत्व में टीम ने किया, जिसमें SI यशवीर नेगी, HC पंचम प्रकाश, कांस्टेबल गंगा, ध्वजवीर, मनमोहन भंडारी और महिपाल तोमर शामिल रहे।सत्संग की आड़ में अपराध की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस अब फरार मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए तेजी से प्रयास कर रही है।
