Rajaji Tiger Reserve कैबिनेट मंत्री खजान दास के पुत्र के राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज स्थित संरक्षित क्षेत्र में शादी के शाही इंतजाम के बाद खड़े हुए विवाद के बाद मंत्री खजान दास ने सीनियर अफसरों पर अनुमति की हामी भरने की बात कही है। वहीं दूसरे ओर वन विभाग के अधिकारियों ने भी अपना पल्ला झाड़ते हुए मां सुरेश्वरी देवी मंदिर समिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं आनन फानन में शामियाना सहित तमाम ताम झाम हटा दिए गए। उधर, मंत्री खजान दास परिवार के साथ रविवार दोपहर पहुंचे और सामान्य तौर पर मंदिर परिसर में पुत्र के फेरे कराए।
क्या बोले मंत्री
मंत्री खजान दास ने बताया कि उनके पुत्र को मंदिर के दर्शन करने से स्वास्थ्य लाभ हुआ था जिसके बाद ये इच्छा थी कि उनके बेटे की शादी मंदिर परिसर में ही कराई जाए। शादी के फेरे सामान्य तौर पर मंदिर परिसर में करने के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व के डायरेक्टर से बात हुई थी और उन्होंने भी हामी भरी थी। अगर ऐसा नहीं होना था तो हमें पहले ही मना कर देते तो कहीं ओर इंतजाम कर लेते।
Rajaji Tiger Reserve
क्या बोले अधिकारी
वहीं राजाजी टाइगर रिजर्व के हरिद्वार वार्डन अजय लिंगवाल ने बताया कि इस तरह के आयोजन की अनुमति रिजर्व क्षेत्र में नहीं दी जा सकती है। टैंट आदि का पता लगने पर तुरंत हटवा दिया गया और मंदिर समिति के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सामान्य तरीके से हुए फेरे
वहीं रविवार सुबह करीब 12 बजे तक मंदिर जाने के लिए आम श्रद्धालुओं को रोका गया। हालांकि बाद में उन्हें जाने दिया गया। इस बीच मंदिर परिसर से टैंट आदि भी हटा दिया गया। वहीं दूसरी ओर सामान्य तरीके से मंदिर परिसर में मंत्री खजान दास के पुत्र के फेरे हुए।

