कलियर पुलिस ने एक लाख की चरस के साथ तस्कर को पकड़ा

​पिरान कलियर। ‘नशा मुक्त देवभूमि 2025’ अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को उस वक्त एक और बड़ी सफलता हाथ लगी, जब कलियर पुलिस ने घेराबंदी कर एक शातिर नशा तस्कर को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्कर के पास से बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी जा रही है।​

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम तेलीवाला के पास घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को रोका।

तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 438 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया, जिसकी पहचान विपिन कुमार निवासी ग्राम तेलीवाला के रूप में हुई है।​पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शातिर किस्म का तस्कर है और काफी समय से इलाके में चरस की सप्लाई कर युवाओं को नशे की गर्त में धकेल रहा था।

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ-साथ यह भी पता लगा रही है कि वह यह माल कहां से लाता था और उसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं।

आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।