कलियर उर्स, मोबाइल टॉयलेट में पानी गायब, गंदगी से जायरीन बेहाल

Ateeq sabri:-

पिरान कलियर। हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स में देश-विदेश से पहुंच रहे जायरीनों की सुविधा के लिए लगाए गए मोबाइल टॉयलेट बदहाली का शिकार हैं। टॉयलेट में पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदगी फैल गई है, जिससे जायरीनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पानी के अभाव में टॉयलेट की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। कई स्थानों पर गंदगी और दुर्गंध के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। जायरीनों का कहना है कि उर्स से पहले प्रशासन की ओर से साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन मेला क्षेत्र में मोबाइल टॉयलेट की स्थिति इन दावों की हकीकत बयां कर रही है।

लाखों जायरीनों की भीड़, फिर भी टॉयलेट व्यवस्था बदहाल जायरीनों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उर्स में बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच रहे हैं। ऐसे में शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा का इस तरह बदहाल होना गंभीर चिंता का विषय है। पानी और नियमित सफाई के अभाव में मोबाइल टॉयलेट का इस्तेमाल करना मुश्किल हो रहा है।

तत्काल पानी और नियमित सफाई की मांग जायरीनों ने प्रशासन से मोबाइल टॉयलेट में तत्काल पानी की व्यवस्था कराने, सफाईकर्मियों की तैनाती बढ़ाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। जायरीनों का कहना है कि उर्स के दौरान स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना बेहद जरूरी है, ताकि देश-विदेश से आने वाले जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।