रहमतपुर में महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर दी जान
एनएसजी :-पिरान कलियर:-थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रहमतपुर कलियर में एक 36 वर्षीय महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कलियर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसराना (36 वर्ष) पत्नी शहजाद, निवासी रहमतपुर कलियर का शव बुधवार को उसके घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि जिस समय यह दुखद घटना हुई, उस समय मृतका का पति शहजाद घर से बाहर बाजार में कुछ सामान लेने के लिए गया हुआ था। जब वह वापस लौटा, तो कमरे का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए।
शोर मचाने पर आस-पास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया महिला के तीन बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
