–लेनदेन के विवाद में पनियाली गांव में चली गोली,
–सीसीटीवी में कैद हुई हमलावरों की करतूत
-पुलिस ने तहरीर के आधार परआरोपियों की तलाश की शुरू,
एनएसजी (रुड़की): गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पनियाली गांव में दूध के बकाया पैसों के तकादे को लेकर विवाद इतना गहरा गया कि हमलावरों ने डेयरी संचालक समेत दो लोगों पर सरेराह गोलियां बरसा दीं। जान बचाने के लिए पीड़ितों को पास के तालाब में छलांग लगानी पड़ी। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तस्वीरें पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं।
बकाया मांगने पर दी थी धमकी:-जानकारी के अनुसार, लाठरदेवा शेख निवासी मोहतसिम पनियाली गांव के पास मछली पालन और डेयरी का संचालन करते हैं। आरोप है कि लाठरदेवा का ही एक व्यक्ति उनसे दूध खरीदता था, जिस पर काफी रकम बकाया थी। 26 नवंबर को जब मोहतसिम ने पैसों का तकादा किया, तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके और उनके रिश्तेदार नसीम के साथ मारपीट की थी।
फिल्मी अंदाज में हुआ हमला:-बुधवार को विवाद ने उस समय खूनी मोड़ ले लिया जब आरोपी दो शार्प शूटरों के साथ डेयरी पर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई। मोहतसिम और नसीम ने सूझबूझ दिखाते हुए तालाब में छलांग लगा दी, जिससे गोली उन्हें नहीं लगी। आसपास के ग्रामीणों को आता देख हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
पुलिस कर रही पहचान:-सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में हमलावर तमंचा लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।