हरिद्वार: एसएसपी नवनीत सिंह के कुशल नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए विदेशी षड्यंत्र का पर्दाफाश किया है। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है, जो अपनी पहचान बदलकर भारत में अवैध रूप से रह रही थी। महिला के साथ-साथ उसे फर्जी भारतीय दस्तावेज मुहैया कराने वाले छत्तीसगढ़ निवासी उसके सहयोगी को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुआ सफर, जालसाजी पर हुआ खत्म:-पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पकड़ी गई महिला का असली नाम सहेला बेगम (निवासी कुमीला, बांग्लादेश) है। सहेला ने बताया कि वर्ष 2023 में पहले पति द्वारा छोड़ दिए जाने के बाद वह आर्थिक तंगी से जूझ रही थी। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए उसकी मुलाकात छत्तीसगढ़ निवासी श्यामदास से हुई। श्यामदास की सलाह पर वह भारत आई, लेकिन 90 दिन का वैध स्टे खत्म होने के बाद भी वापस नहीं लौटी।
फर्जी आईडी का ‘मायाजाल’ और गिरफ्तारी:-आरोपी महिला दिल्ली से हरिद्वार शिफ्ट हो गई और ‘स्वीटी’ नाम रखकर रहने लगी। इस दौरान श्यामदास ने उसकी मदद से भारतीय नागरिकता के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। पुलिस ने महिला के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और मैरिज सर्टिफिकेट बरामद किए हैं। ताज्जुब की बात यह है कि उसके पास से बांग्लादेश मूल का पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड भी मिला है, जो उसके विदेशी होने का पुख्ता प्रमाण है।ज्वालापुर पुलिस और LIU का साझा एक्शन8 अप्रैल 2026 को वैष्णवी एन्क्लेव के पास चलाए गए सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध लगने पर जब टीम ने दबिश दी, तो इस पूरे फर्जीवाड़े की परतें खुल गईं।
सहेला बेगम और उसे शरण देने वाले श्यामदास को हिरासत में लेकर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस टीम की तारीफ: एसएसपी नवनीत सिंह ने टीम की पीठ थपथपाते हुए इस अभियान में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई में ज्वालापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी, उप निरीक्षक अंशुल अग्रवाल, सोनल रावत और LIU टीम के सुरेश शाह व मंशा राम की मुख्य भूमिका रही।
बरामदगी की सूची:भारतीय दस्तावेज (फर्जी): पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मैरिज सर्टिफिकेट।बांग्लादेशी दस्तावेज: ओरिजिनल पासपोर्ट, नेशनल आईडी कार्ड।अभियुक्तों का विवरण:सहेला बेगम (उम्र 41 वर्ष), निवासी: कुमीला, बांग्लादेश।श्यामदास (उम्र 45 वर्ष), निवासी: बिलासपुर, छत्तीसगढ़।