अतीक साबरी:-पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर के वार्ड नंबर 01 में निर्माणाधीन पार्क के कार्य में तेजी लाने और उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान वार्ड के सभासद अमजद मलिक पूरी तरह सक्रिय नजर आए और उन्होंने निर्माण कार्य की बारीकियों का जायजा लेते हुए ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सभासद अमजद मलिक ने निर्माण सामग्री और कार्य की प्रगति पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार हारून को स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि पार्क निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभासद ने कहा कि क्षेत्र की जनता के लिए बन रहे इस पार्क का मजबूत और मानक के अनुरूप होना अनिवार्य है, ताकि लंबे समय तक लोग इसका लाभ उठा सकें।सभासद अमजद मलिक ने अपने में कहा कि वार्ड नंबर 01 की जनता, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए एक बेहतर पार्क की काफी समय से आवश्यकता थी। इस पार्क के बन जाने से स्थानीय निवासियों को टहलने और बच्चों को खेलने के लिए एक सुरक्षित व स्वच्छ स्थान मिल सकेगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वह स्वयं इस पूरे कार्य की निरंतर निगरानी कर रहे हैं ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और काम तय समय सीमा के भीतर पूरा हो जाए।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ठेकेदार को निर्देशित किया कि कार्य की गति बढ़ाई जाए ताकि जल्द से जल्द इसे जनता को समर्पित किया जा सके।निरीक्षण के समय सभासद अमजद अली, नदीम, चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद और सत्तार अहमद भी मौजूद रहे।
सभी ने एक स्वर में वार्ड के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात दोहराई।