हरिद्वार डेंगू-मलेरिया की रोकथाम को नगर निगम ने कसी कमर, चलेगा सघन अभियान

News129:हरिद्वार

हरिद्वार। डेंगू, मलेरिया समेत मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर नगर निगम हरिद्वार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की की अध्यक्षता में नगर निगम परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, लार्वा जांच और जलभराव रोकने सहित आगामी दिनों में चलाए जाने वाले सघन अभियान की रणनीति तैयार की गई।

जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानीनगर स्वास्थ्य अधिकारी ने सफाई निरीक्षकों एवं संबंधित कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने, मच्छरों के लार्वा की जांच कर उन्हें नष्ट करने और जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। घरों और प्रतिष्ठानों में भी जांच अभियान चलाकर लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा गया।

नगर निगम की ओर से लोगों से अपील की गई कि घरों में पानी जमा न होने दें और कूलर, गमले, पुराने बर्तन, टायर सहित ऐसी वस्तुओं की नियमित सफाई करें, जिनमें पानी जमा होकर मच्छरों के पनपने की संभावना रहती है।निगम परिसर में भी चला निरीक्षण अभियानबैठक के बाद नगर निगम की टीम ने निगम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान रुके हुए पानी और मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों की जांच की गई।

टीम ने घरों एवं प्रतिष्ठानों में रखे कूलर, गमले, पुराने बर्तन और टायरों की भी जांच की तथा लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने और पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया। इस दौरान डेंगू-मलेरिया से बचाव संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।

डॉ. पवन कार्की ने बताया कि तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द, कमजोरी और त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। नगर निगम की टीम आगामी दिनों में भी विभिन्न क्षेत्रों में लार्वा जांच, निरीक्षण और जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रखेगी।

बैठक में मुख्य सफाई निरीक्षक विकास चौधरी, संजय शर्मा, श्रीकांत, विकास कुमार, मनोज कुमार, सुनील, अर्जुन कुमार सहित सफाई निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, धीरेंद्र सेमवाल, अनिल कुमार, आकाश, रूपाली, मोहित, राहुल, प्रशांत एवं विनय कुमार आदि मौजूद रहे।