न्यूज 129 | कलियर।
शादी का झांसा देकर करीब दो साल तक युवती का शारीरिक शोषण करने और बाद में अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर कलियर पुलिस ने सहारनपुर निवासी आरोपी मेहराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता महताब पुत्री लतीफ निवासी सिरचंदी, भगवानपुर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपी का उसके घर आना-जाना था। इसी दौरान उसने खुद को कुंवारा बताते हुए शादी का भरोसा दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी कलियर स्थित गेस्ट हाउस में ले जाकर करीब दो साल तक शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
पीड़िता के मुताबिक, एक दिन आरोपी उसे घूमने के बहाने कलियर लेकर आया। इसी दौरान आरोपी के मोबाइल पर फोन आया, जिसे पीड़िता ने उठा लिया। फोन पर बात करने वाली महिला ने खुद को आरोपी की पत्नी बताया। यह जानकारी सामने आने पर पीड़िता ने आरोपी से सवाल किया तो विवाद हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे डराया-धमकाया और अपने पास मौजूद अश्लील फोटो-वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही, किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मेहराज निवासी मोहम्मदपुर गाड़ा, थाना बड़गांव, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी!