News:-129
रुड़की। शनिवार सुबह रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। धनोरी में ट्रक और स्कूटी की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की जान चली गई। दोनों हादसों के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सालियर में हादसे से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार, धनोरी स्थित एनआईसी कॉलेज के पास शनिवार सुबह दौलतपुर निवासी अनुज (25) अपनी स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर कलियर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि ट्रक नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
वहीं, दूसरा हादसा गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। यहां हाईवे पर एक महिला जावेदा पत्नी मोहम्मद मुसाद निवासी बसेड़ा थाना किरतपुर बिजनौर उत्तर प्रदेश
की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई।