Haridwar News: समझौता कराने गए कांग्रेस पार्षद के साथ मारपीट, चौकी में चल रही थी सुलह वार्ता, कांग्रेसी जुटे

Haridwar News हरिद्वार। हरिद्वार में हरकी पैड़ी पुलिस चौकी के भीतर कांग्रेस पार्षद हिमांशु गुप्ता के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पार्षद हिमांशु गुप्ता दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद का समझौता कराने के लिए पुलिस चौकी पहुंचे थे। चौकी के भीतर दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने पार्षद के साथ अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पार्षद के साथ मारपीट किए जाने की घटना हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता हरकी पैड़ी चौकी पहुंच गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

Haridwar News

वहीं, चौकी परिसर में हुए इस विवाद के बाद पुलिस भी हरकत में आई। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस चौकी के भीतर जनप्रतिनिधि के साथ हुई इस घटना ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।