NSG:-NEWS 129
पिरान कलियर। पिरान कलियर थाना क्षेत्र में रात्रि के समय चेतक ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी पर दरगाह क्षेत्र में आने वाले जायरीनों और स्थानीय लोगों के साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लग रहे हैं। आरोपों को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महमूदपुर निवासी अजीम, जिसकी दरगाह फव्वारा चौक पर चाय की दुकान है, अपने दुकान पर काम करने वाले एक युवक को लेने के लिए रैन बसेरा गया था। आरोप है कि इसी दौरान रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। लोगों का दावा है कि घटना के बाद अजीम के शरीर पर चोटों के निशान भी दिखाई दिए।
स्थानीय लोगों ने एक अन्य घटना का भी जिक्र करते हुए बताया कि सोनू निवासी पिरान कलियर के साथ भी दरगाह के बुलंद दरवाजे के पास कथित रूप से लात-घूंसों से मारपीट की गई। लोगों का आरोप है कि इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं, जिससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल बन रहा है।
“संदिग्ध हो तो कानूनी कार्रवाई करें, मारपीट नहीं”स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या किसी अपराध में शामिल है तो पुलिस उसे कानून के अनुसार हिरासत में लेकर थाने ले जाए, लेकिन बिना वजह किसी के साथ मारपीट करना उचित नहीं है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी देहात का बयान इस संबंध में रुड़की एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि “यदि इस प्रकार की कोई घटना हुई है तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
(नोट: यह समाचार स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस अधिकारी के आधिकारिक बयान पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।)