दर्दनाक हादसा : बिजली गिरने से दो की मौत, हरिद्वार के सिडकुल का मामला

NSG:-NEWS 129

टिहरा पुल के पास खेत में काम करते समय हुआ हादसा, परिवारों में मचा कोहराम

हरिद्वार थाना सिडकुल क्षेत्र के टिहरा पुल के पास शनिवार शाम बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार नगीन, निवासी डल्लू वाला मजबता अपने दामाद रणवीर, निवासी खाल्ला टिहरा, के साथ खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य कर रहे थे। रणवीर ट्रैक्टर चला रहा था और दोनों खेत की तैयारी में जुटे थे।इसी दौरान शाम के समय अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों पास में स्थित एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से नगीन और रणवीर गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची सिडकुल पुलिस घटना की सूचना मिलते ही थाना सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।

गांव में पसरा मातम एक साथ दो की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं। बारिश के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।