राजाजी नेशनल पार्क में साधु की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
एनएसजी : कोतवाली नगर पुलिस ने राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में मिले अज्ञात साधु की हत्या का महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस ने उसे न्याय दिलाने के लिए खुद वादी बनकर मुकदमा दर्ज किया।
घटना 14 अप्रैल की है, जब वन विभाग के कर्मचारियों ने जंगल क्षेत्र में एक साधु का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने करीब 45 वर्षीय व्यक्ति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए।जांच के दौरान संदिग्ध दो युवकों की पहचान उनके हुलिये के आधार पर की गई। 17 अप्रैल को हिल बाईपास क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार उर्फ चिकना (25), निवासी इटावा, उत्तर प्रदेश और रोहित कुमार (19), निवासी पटना, बिहार के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि 13 अप्रैल की रात वे हरकी पैड़ी के पास सोए थे और नशे की हालत में अगले दिन एक साधु से बीड़ी और पैसे मांगने लगे। साधु द्वारा मना करने और गाली देने पर उन्होंने गुस्से और लालच में आकर उसका पीछा किया और सुनसान जंगल में पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वे साधु के पैसे लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।