कलियर: ऑपरेशन स्माईल के तहत पुलिस ने खोए हुए मासूम को परिजनों से मिलाया, चेहरे पर लौटी मुस्कान

अतीक साबरी:- पिरान कलियर।

एनएसजी:-कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्माईल’ के तहत मानवीय चेहरा पेश करते हुए एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने दरगाह क्षेत्र में लावारिस घूम रहे एक 8 वर्षीय मासूम को चंद घंटों के भीतर ही उसके परिवार से मिलाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।

जानकारी के मुताबिक 16 अप्रैल को चेतक पुलिस टीम को दरगाह क्षेत्र कलियर में एक छोटा बच्चा अकेला और घबराया हुआ घूमता मिला। पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बच्चे को अपनी सुरक्षा में लिया और कोतवाली पिरान कलियर लेकर आई।

कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बच्चे से बेहद आत्मीयता से पूछताछ की और चाइल्ड वेलफेयर टीम को भी सूचित किया। पूछताछ के दौरान बच्चे ने अपना नाम आईसानूर पुत्र साकिर, निवासी छजलेत (मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश) बताया।

प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल संपर्क साधकर बच्चे के परिजनों को सूचना दी और उन्हें कोतवाली बुलाया। जैसे ही परिजन कोतवाली पहुंचे, उन्होंने अपने जिगर के टुकड़े को सही-सलामत पाया तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मासूम को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।

अपने बिछड़े हुए लाल से मिलकर परिजनों ने राहत की सांस ली और कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी सहित पूरी पुलिस टीम का तहे दिल से आभार व्यक्त करते हुए उन्हें ढेरों दुआएं दीं।

इस मानवीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के साथ हेड कांस्टेबल जयप्रकाश और हेड कांस्टेबल रविन्द्र बालियान मुख्य रूप से शामिल रहे। स्थानीय जनता ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही और संवेदनशीलता की जमकर प्रशंसा की है।