NSG:-NEWS 129
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए नगर निगम हरिद्वार ने मंगलवार को रोडीबेलवाला क्षेत्र में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान और विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए 50 से अधिक अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाकर कांवड़ यात्रियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
नगर निगम की टीम ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से अवैध कब्जों को हटाया, जिससे कांवड़ यात्रा मार्ग पर यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा न रहे। सफाई कर्मचारियों ने क्षेत्र में फैला कूड़ा-कचरा हटाकर सैनिटेशन व्यवस्था को भी दुरुस्त किया।
“कांवड़ मेले में स्वच्छता और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” — नगर आयुक्त नंदन कुमारनगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नगर निगम लगातार अतिक्रमण हटाने और विशेष स्वच्छता अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों और घाटों पर अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी तथा नियमित सफाई, कूड़ा उठान और सैनिटेशन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और हरिद्वार को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हरिगिरि, सेनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल कुमार, रोडीबेलवाला चौकी प्रभारी संदीप वर्मा सहित नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।