हरिद्वार : सहकारी उपभोक्ता समिति चुनाव में बवाल, भाजपा प्रदेश सह प्रवक्ता विकास तिवारी पर जानलेवा हमला, चाचा भतीजे पर आरोप

हरिद्वार में थोक केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार के डायरेक्टर पद के चुनाव के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भाजपा के प्रदेश सह प्रवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष विकास तिवारी पर कुछ असामाजिक तत्वों ने कथित रूप से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। विकास तिवारी ने सुनेहटी गांव निवासी सुशील चौधरी और उसके भतीजे शिवम कुमार सहित 15 अन्य अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।

हमले के विरोध में विकास तिवारी के समर्थक बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।

चुनाव परिणामों में 13 में से 10 डायरेक्टर पदों पर विकास तिवारी समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। अब मंगलवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना है। विकास तिवारी पहले भी भंडार के अध्यक्ष रह चुके हैं और इस बार भी अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार हैं।

हमले के बाद विकास तिवारी ने आरोप लगाया कि विरोधी गुट अपनी हार की बौखलाहट में इस घटना को अंजाम दे रहा है। बताया जा रहा है कि दूसरा गुट भी भाजपा से जुड़े एक बड़े नेता के समर्थकों का है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।