rajkumar thukral

भाजपा विधायक ठुकराल का आडियो वायरल, सीनियर नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप


करण खुराना।
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर के भाजपा विधायक राज कुमार ठुकराल का आडियो वायरल हो रहा है। इसमें वो भाजपा के सीनियर नेताओं पर भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि ये आडियो कब का है और किसने इसे बनाया है, इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं दूसरी ओर बताया जा रहा है आडियो वायरल होने के बाद पार्टी हाईकमान ने राज कुमार ठुकराल की सीट पर नाम रोक दिया है और दूसरी सूची में इस सीट पर नाम फाइनल किया जाएगा। उधर, राज कुमार ठुकराल ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए इस आडियो को फर्जी बताया है और कार्रवाई करने की बात कही है। लेकिन ये आडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि हम इस आडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करते हैं।
आडियो में राजकुमार ठुकराल कुछ लोगों से बात करते हुए मौजूदा मंत्री अरविंद पांडे पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में वो मदन कौशिक जो प्रदेश अध्यक्ष भी हैं को भी लपेटते नजर आ रहे हैं। लगातार विवादों में रहने वाले राज कुमार ठुकराल अब इस नये विवाद में फंस गए हैं। वहीं वरिष्ठ पत्रकार अवनीश प्रेमी ने बताया कि आडियो में आवाज राज कुमार ठुकराल की ही लग रही हैं लेकिन बताया जा रहा है कि ये आडियो पुराना है लेकिन अब वायरल हुआ है। वायरल होने के बाद ही पार्टी ने राज कुमार ठुकराल पर अपना फैसला सुरक्षित रखा है। नहीं तो उनका नाम पहली सूची में आ गया होता। वहीं जब इस संबंध में मदन कौशिक और राज कुमार ठुकराल से बात करने का प्रयास किया गया तो लगातार संपर्क करने के बाद भी उनसे बात नहीं हो पाई।

Share News