एनएसजी:- न्यूज बहादराबाद।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा वाहन चोरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।जानकारी के अनुसार, रविवार को बहादराबाद कस्बा चौकी प्रभारी प्रवीण बिष्ट पुलिस टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि लोहे के पुल की ओर से दो युवक संदिग्ध बाइक पर आ रहे हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को नहर पटरी के पास दबोच लिया। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम अरमान पुत्र मुज्जमिल निवासी तेलीवाला और विनय पुत्र प्रमोद सिंह निवासी गणेशपुर (गंगनहर) बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने यह बाइक हंस फाउंडेशन के बाहर से चोरी की थी और इसे बेचने जा रहे थे।
बरामद बाइक (UP20BZ 9601) के संबंध में थाने में पहले से ही मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, कांस्टेबल बीरेन्द्र सिंह और रणजीत सिंह शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
