नाबालिग का अपहरण कर गुजरात भागे दिलनवाज को पुलिस ने दबोचा, लगा पॉक्सो

अतीक साबरी:-

बुग्गावाला/हरिद्वार: महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध हरिद्वार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति का असर धरातल पर दिखने लगा है। एसएसपी हरिद्वार के सख्त निर्देशों के बाद बुग्गावाला पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गुजरात के अहमदाबाद से एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले के अनुसार बीते 11 फरवरी 2026 को बुग्गावाला थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम लालवाला निवासी दिलनवाज पुत्र इरफान उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है।

पुलिस ने तत्काल मु.अ.सं. 11/2026 पंजीकृत कर तफ्तीश शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी ने जल्द बरामदगी के आदेश दिए, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक बुग्गावाला ने टीमों का गठन कर मुखबिर तंत्र को अलर्ट किया। पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन गुजरात में ट्रेस की। कड़ी मशक्कत के बाद 16 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने अहमदाबाद के चंदोडर स्थित मीना कंपनी में छापेमारी कर आरोपी दिलनवाज को गिरफ्तार किया और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ और मेडिकल जांच के आधार पर मुकदमे में पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, कांस्टेबल विक्रम और दिलीप सिंह शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है। एसएसपी ने साफ किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह देश के किसी भी कोने में छिपा हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *