Dehradun Murder Case दिनदहाड़े गैस एजेंसी मालिक की गोली मारकर हत्या, क्या हो सकता है कारण

राजधानी के पॉश इलाके परेड ग्राउंड के पास आज उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने 40 वर्षीय व्यवसायी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब अर्जुन टेनिस खेलकर घर लौट रहे थे। पुलिस प्राथमिक जांच में इसे करोड़ों रुपये की संपत्ति के विवाद से जोड़कर देख रही है।

टेनिस खेलकर लौटते वक्त हुआ हमला

​जानकारी के मुताबिक, आईटीबीपी कॉलोनी निवासी अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित ‘अमर दीप’ भारत गैस एजेंसी के मालिक थे। वह रोजाना की तरह तिब्बती मार्केट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। खेल खत्म करने के बाद जैसे ही वह अपने वाहन की ओर बढ़े, घात लगाए बैठे दो युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अर्जुन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

संपत्ति विवाद और पारिवारिक कलह की आशंका

​पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति का विवाद मुख्य वजह हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि अर्जुन शर्मा और उनके भाई के अपनी माता के साथ काफी समय से मधुर संबंध नहीं थे। बताया जा रहा है कि उनकी मां ने अर्जुन और उनके भाई दोनों को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर रखा था। इसी पारिवारिक कलह और जमीनी विवाद को हत्या के मुख्य केंद्र में रखकर जांच की जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हमलावरों की तलाश के लिए शहर भर में नाकाबंदी कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *