दरगाह क्षेत्र में वक्फ बोर्ड का बड़ा अभियान: अस्थाई दुकानों का सर्वे शुरू, अतिक्रमण करने वालों पर गिरेगी गाज-

अतीक साबरी:-

पीरान कलियर । दरगाह क्षेत्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और रास्तों को सुगम बनाने के लिए वक्फ बोर्ड अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मोहम्मद आरिफ के सख्त निर्देश पर मंगलवार को दरगाह प्रबंधन की टीम ने दरगाह और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगी अस्थाई दुकानों का व्यापक सर्वे शुरू कर दिया है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बेतरतीब तरीके से फैली दुकानों को व्यवस्थित करना और वक्फ संपत्ति का सही रिकॉर्ड तैयार करना है। सर्वे के दौरान टीम की प्राथमिकता उन दुकानों की पहचान करना है जो लंबे समय से संचालित हैं लेकिन जिनका कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है।

टीम के सदस्य मौके पर जाकर प्रत्येक अस्थाई दुकान के मालिक का नाम, पिता का नाम और दुकान की स्थिति का पूरा ब्यौरा दर्ज कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, एक बार सर्वे का काम पूरा हो जाने के बाद दरगाह प्रबंधन द्वारा इन दुकानों का उचित किराया तय किया जाएगा और नियमित रूप से किराया रशीद काटी जाएगी, जिससे दरगाह के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। इस मुहिम का सबसे कड़ा पहलू उन दुकानों के खिलाफ है जो अतिक्रमण को बढ़ावा दे रही हैं। वक्फ बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि जो दुकानें आम रास्ते को संकरा कर रही हैं या जायरीनों की आवाजाही में बाधा बन रही हैं, उन्हें सर्वे के बाद तुरंत प्रभाव से हटाया जाएगा।

मंगलवार को हुए इस सर्वे के दौरान दरगाह सुपरवाइजर इंतखाब आलम, राव शारिक अली, हारून अली और असलम साबरी सहित प्रबंधन के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने दुकानदारों को चेतावनी भी दी है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें ताकि दरगाह आने वाले जायरीनों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों ने रास्ते साफ होने की उम्मीद में इस कदम की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *